खैरागढ़ पहुंचे प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, प्रेसवार्ता व समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम तथा खैरागढ़ जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन आज एक दिवसीय प्रवास पर खैरागढ़ पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इसके बाद कलेक्टोरेट में विभागवार समीक्षा बैठक लेकर प्रशासनिक अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रेसवार्ता में मंत्री देवांगन ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए जी राम जी योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। पहले ग्रामीणों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 125 दिन कर दिया गया है, ताकि गांवों में आजीविका के अवसर और मजबूत हो सकें।
मंत्री देवांगन ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर भ्रमित करने वाला प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी देश के लिए पूज्य हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा उन्हें पूर्ण सम्मान देती है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि अपने लंबे शासनकाल में महात्मा गांधी के नाम पर किन बड़े रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट या राष्ट्रीय संरचनाओं का नामकरण किया गया, यह जनता को बताया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महापुरुषों के योगदान को भुलाकर केवल एक परिवार विशेष के नाम पर संस्थानों और योजनाओं का नामकरण किया। महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे राष्ट्रनिर्माताओं को कांग्रेस ने लगातार उपेक्षित किया है, जबकि भाजपा सरकार उनके विचारों और योगदान को सम्मान देने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंत्री के दौरे को लेकर जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां दिनभर चर्चा में रहीं।
