एनएच-130 पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

बिलासपुर। जिले में नेशनल हाईवे 130 पर रतनपुर–पाली बॉर्डर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब छह किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जाम के कारण दोपहिया और यात्री वाहनों में सवार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नीलमदास मानिकपुरी, निवासी करतली के रूप में हुई है। हादसे के समय वह सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराए जाने के बाद चक्का जाम समाप्त कराया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अर्चना झा ने बताया कि पैदल चल रहे व्यक्ति को ट्रेलर ने अपनी चपेट में लिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चक्का जाम की स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है। मामले में संबंधित चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author