कुत्ते को समोसा खिलाने के विवाद में मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

रायपुर। राजधानी के सुंदर नगर क्षेत्र में समोसा कुत्ते को खिलाने के प्रयास को लेकर दुकानदार और एक युवक के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट एवं जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम सुंदर नगर के नाश्ता सेंटर पर युवक अक्षय अपने पालतू कुत्ते के साथ पहुंचा। उसने एक समोसा लेकर कुत्ते को खिलाने का प्रयास किया। कुत्ते के नहीं खाने पर समोसा वापस ट्रे में रख दिया। इससे दुकानदार को आपत्ति हुई तथा दोनों के बीच विवाद हो गया।

सेंटर संचालक संदीप सिंह जुनेजा ने आरोप लगाया कि युवक नशे की हालत में था। उसने समोसे के बाद अन्य खाद्य सामग्री भी कुत्ते को सूंघाई। दुकानदार की पत्नी के मना करने पर युवक ने कथित तौर पर उन पर हमला किया, पेट पर लात मारी तथा जान से मारने की धमकी दी। दुकानदार के मौके पर पहुंचने पर युवक ने गाली-गलौज की तथा धारदार हथियार से हमला किया।

दूसरी ओर युवक अक्षय की बहन ने भी शिकायत दर्ज कराई। उसने संदीप सिंह जुनेजा, कन्हैया महावर एवं अन्य लोगों पर भाई के साथ मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों पर जांच कर रही है।

About The Author