खैरागढ़ के करमतरा गांव में मकान विवाद ने लिया उग्र रूप, ग्रामीणों का थाने तक प्रदर्शन, तीन आरोपी हिरासत में
खैरागढ़। जिले के करमतरा गांव में एक मामूली मकान विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिससे आधी रात गांव से लेकर थाने तक हालात तनावपूर्ण हो गए। बीती रात करीब 12 बजे सैकड़ों ग्रामीणों का आक्रोश जालबांधा चौकी तक पहुंच गया, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
मामला भूपत साहू और तेजेश्वरी साहू के बीच लंबे समय से चले आ रहे मकान विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि भूपत साहू लगातार गांव में तनाव की स्थिति पैदा कर रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हालात बिगड़ते चले गए।
ग्रामीणों के अनुसार, विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत स्तर पर कई बार समझाइश की गई, लेकिन आरोपित पक्ष की ओर से धमकी और उकसावे की गतिविधियां जारी रहीं। बीती रात स्थिति उस समय बेकाबू हो गई, जब खुलेआम नाम लेकर धारदार हथियारों से जान से मारने की धमकियां दी गईं। इससे गांव में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने की ओर रवाना हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की देरी से की गई कार्रवाई के कारण स्थिति और अधिक बिगड़ी। आक्रोशित लोगों ने जालबांधा चौकी परिसर में नारेबाजी की, जिससे जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
शिकायत के बाद पुलिस ने भूपत दास उर्फ साहेब, दीपक साहू और उसके पुत्र सूर्यकांत साहू सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 और 126 के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
