कलिंगा यूनिवर्सिटी में चार मंजिला इमारत से गिरकर नाइजीरियन छात्र की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। नवा रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी में सोमवार को चार मंजिला इमारत से गिरने के कारण नाइजीरियन मूल के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान सैम के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी में एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। यह मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे आपसी विवाद और कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विदेशी मूल की एक छात्रा के साथ कथित बदसलूकी के दौरान उसका बॉयफ्रेंड मौके पर पहुंच गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान नाइजीरियन छात्र सैम ने कथित तौर पर इमारत से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में नोई नामक युवक और उसकी महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सैम की मौत चार मंजिला इमारत से गिरने के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और विवाद किन परिस्थितियों में बढ़ा। यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी जानकारी ली जा रही है। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

About The Author