भारत-साउथ अफ्रीका चौथा टी20 मैच: घने कोहरे से टॉस में देरी, अगला निरीक्षण रात 8 बजे
लखनऊ। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि घने कोहरे के कारण टॉस में देरी हो गई है। टॉस मूल रूप से शाम 6:30 बजे होना था, लेकिन खराब दृश्यता के चलते इसे स्थगित कर दिया गया। मैदान का अगला निरीक्षण रात 8 बजे होगा।
टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे है। इस मैच में जीत के साथ भारत सीरीज अपने नाम कर सकता है।
इस सीरीज में उप-कप्तान शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म चर्चा का विषय बना हुआ है। तीसरे मैच में भारत को 118 रनों का आसान लक्ष्य मिला था, लेकिन सूर्यकुमार यादव अपनी पुरानी लय नहीं दिखा सके।
भारतीय कप्तान पिछले एक साल से अधिक समय से फॉर्म की तलाश में हैं। इस फॉर्मेट में 2025 में उनका औसत 15 से कम रहा है। साथ ही वे इस साल एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके, जो उनके करियर का सबसे लंबा ऐसा दौर है। इस अवधि में उन्होंने केवल दो बार 20 गेंदों से अधिक बल्लेबाजी की है।
