गरियाबंद में कथावाचक आचार्य युवराज पांडे की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, साजिश की आशंका जताई

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य युवराज पांडे सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। कुम्हारपारा के पास उनकी कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात है कि आचार्य पांडे पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा उन्हें कोई चोट नहीं आई।

आचार्य युवराज पांडे साखरा (बसना) में कथा कार्यक्रम संपन्न कर अपने गृहग्राम अमलीपदर लौट रहे थे। घटना के बाद उन्होंने यह सातवां हमला बताते हुए साजिश की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं तथा पूर्व में इस संबंध में प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है।

स्थानीय लोगों ने घटना की गंभीर जांच तथा कथावाचक को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि यह सामान्य दुर्घटना है या सुनियोजित साजिश। आचार्य पांडे शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचे हैं।

About The Author