भिलाई में बोरे में बंद अज्ञात महिला की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका



भिलाईनगर। सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रा मौर्या टॉकीज अंडर ब्रिज के समीप बोरे में बंद एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई है।

थाना प्रभारी सुपेला विजय यादव ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने अंडर ब्रिज के पास बोरे में बंद शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बोरे में एक महिला का शव बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृत महिला की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस महिला की पहचान और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

About The Author