अधजली लाश हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सिरगिटटी थाना क्षेत्र में एक माह पूर्व मिली अधजली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय इनपुट और व्यापक जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान करते हुए हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 7 नवंबर की है, जब तिफरा स्थित होटल ग्रैण्ड लोटस के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिला था। पुलिस ने राज्यभर में गुम इंसान रिपोर्टों से मिलान कराने के साथ ही इश्तहार जारी किए थे। साथ ही घटनास्थल के आसपास मिले मोबाइल नंबरों के टावर डंप का विश्लेषण कर संभावित परिजनों से संपर्क साधा गया।
मृतक की पहचान यूपी निवासी के रूप में हुई
मृतक की पहचान गोपाल पिता मुन्ना कोल (उम्र 26 वर्ष), निवासी सेमिया नेवारी, थाना जुगैल जिला सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई। पहचान के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम सामने लाने के लिए पुलिस ने कई टीमों को लगाया। CCTV फुटेज, स्थानीय सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों अरुण दास मानिकपुरी (30) और धनेश लोधी उर्फ राजू (34) को हिरासत में लिया गया।
शराब पीने के दौरान विवाद में युवक की हत्या
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना की रात मृतक गोपाल सब्जी मंडी रोड तिफरा के पास शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे। शराब पीते समय तीनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद गुस्से में दोनों आरोपियों ने गोपाल की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव और कपड़ों को जला दिया गया।
सिरगिटटी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
