भिलाई: ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने पर इमरान खान गिरफ्तार
दुर्ग। सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने के आरोप में सेक्टर-1 निवासी इमरान खान को भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सरयूपारीण ब्राह्मण समाज की शिकायत पर सेक्टर-6 कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई थी।
समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ मिश्रा एवं पूर्व अध्यक्ष राजीव पांडे ने बताया कि इमरान खान ने दिल्ली के एक मामले में आरोपियों को ब्राह्मण बताकर पूरे समाज को गद्दार और यूरेशिया का विदेशी बताया। इस पोस्ट को शेयर कर ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत की गईं तथा समाज का अपमान किया गया।
मंगलवार शाम समाज के सदस्यों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया। मुखबिर की सूचना पर आरोपी इमरान खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ मिश्रा ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया और कहा कि सोशल मीडिया पर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री साझा करने से पहले सोच-समझकर कदम उठाना चाहिए।
