कबीरधाम : ट्रैक्टर पलटने से दो नाबालिगों की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सिंघनपुरी जंगल थाना क्षेत्र के बिडोरा-सिंघनपुरी मार्ग पर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान अमलीडीह गांव निवासी योगेश नेताम और कैलाश वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सड़क की कम चौड़ाई के कारण ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिंघनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इसी इलाके में पिछले कुछ दिनों में हुए सड़क हादसों में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है।

About The Author