रायपुर में भारत-साउथ अफ्रीका दूसरा वनडे आज, टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका ने चुनी गेंदबाजी
रायपुर। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। मुकाबला दोपहर 1.30 बजे शुरू होगा। मैच को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की स्थिति है, तेलीबांधा चौक पर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।
स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजी के अनुकूल माना जाता है और ओस डे-नाइट मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकती है। ऐसे में टॉस का महत्व बढ़ जाता है और दोनों टीमें पहले गेंदबाजी करने की रणनीति के साथ उतर सकती हैं। उम्मीद है कि आज एक हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है। रायपुर में अब तक टीम इंडिया ने कोई वनडे मैच नहीं हारा है।
नवा रायपुर पहुंचे एक फैन ने कहा कि वह बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि यह संभव है कि रायपुर में विराट कोहली का यह आखिरी मैच हो। उन्होंने बताया कि वह विशेष रूप से कोहली को देखने के लिए ही स्टेडियम आए हैं।
