रायपुर तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप, अतिरिक्त तहसीलदार पर जांच की मांग

रायपुर। राजधानी रायपुर के तहसील कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार प्रकाश सोनी पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में 15 अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से रायपुर कलेक्टर और एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रकाश सोनी एक दलाल मनोज सिंह ठाकुर को अपने कार्यालय और निजी कक्ष में नियमित रूप से बैठाते हैं, जबकि उसकी न तो किसी मामले में कानूनी भूमिका है और न ही वह किसी का अधिकृत प्रतिनिधि है।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि मनोज सिंह ठाकुर के माध्यम से अतिरिक्त तहसीलदार अवैध रूप से पैसों की लेनदेन कर नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और त्रुटि सुधार जैसे प्रकरणों को बिना वैधानिक प्रक्रिया के एक ही दिन में निपटा देते हैं। वहीं, जो पक्षकार या अधिवक्ता कथित रूप से रिश्वत देने से इनकार करते हैं, उनके मामलों में खामियां निकालकर उन्हें महीनों तक लंबित रखा जाता है।

शिकायत में कहा गया है कि इस कथित भ्रष्टाचार ने तहसील कार्यालय में नैतिक और प्रशासनिक स्थिति को प्रभावित किया है, जिससे आम जनता का सरकारी तंत्र पर विश्वास कमजोर हो रहा है। अधिवक्ताओं ने मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर वे न्यायालय की शरण लेंगे।

मामले को राजधानी में प्रशासनिक तंत्र में गंभीर अनियमितताओं के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, हालांकि सूत्रों के अनुसार पूरे प्रकरण की जांच शुरू करने की तैयारी की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अतिरिक्त तहसीलदार प्रकाश सोनी के विरुद्ध कौन-सी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस शिकायत ने प्रशासनिक हलकों और स्थानीय नागरिकों में चिंता और चर्चा को बढ़ा दिया है।

About The Author