लुधियाना में पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़, दो संदिग्ध घायल
नई दिल्ली.
पंजाब के लुधियाना में पुलिस और आतंकियों के बीच दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा के पास मुठभेड़ हुई है। यह कार्रवाई खुफिया इनपुट मिलने के बाद की गई, जिसमें दो संदिग्ध आतंकियों के मौजूद होने की जानकारी थी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एक दिन पहले ही कुछ आतंकियों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पहले एक टेरर मॉड्यूल का खुलासा करते हुए तीन लोगों को पकड़ा था। इसके बाद बब्बर खालसा इंटरनेशनल संगठन के दो और आतंकियों का इनपुट मिला, जो आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे थे।
कमिश्नर ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी की। मुठभेड़ के दौरान दोनों संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। जांच में पता चला है कि इन्हें हैंड ग्रेनेड इकट्ठा कर तय स्थानों पर हमला करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
पुलिस ने घटना स्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हालिया गिरफ्तारियां और यह मुठभेड़ आतंकवादी गतिविधियों को नाकाम करने में बड़ी सफलता है।
