डाइंग कंपनी में लगी भीषण आग, बड़े नुकसान की आशंका
भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी स्थित शरावली औद्योगिक क्षेत्र की एक डाइंग कंपनी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। कंपनी में कपड़ों की रंगाई का काम होता था, जहां बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना सुबह लगभग 9 बजकर 15 मिनट पर मंगल मूर्ति Knit Dyeing कंपनी में हुई। सूचना मिलते ही कोनगांव पुलिस स्टेशन की टीम और फायर ब्रिगेड के दल मौके पर पहुंच गए। कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी नितिन लाड के मुताबिक आग बेहद गंभीर है और इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी रासायनिक प्रतिक्रिया से आग भड़की होगी। कंपनी परिसर में रखे केमिकल और डाई सामग्री ने आग के फैलाव को और तेज कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी जनहानि से बचाव हो सका। हालांकि आग ने कंपनी के अधिकांश हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की संभावना है। परिसर से उठता घना धुआं दूर तक देखा जा सकता है।
घटना के बाद आसपास के औद्योगिक इकाइयों को सतर्क कर दिया गया है और क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारी आग पर काबू पाने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।
