जशपुर में शुरू हुआ 1000 हेलमेट का बैंक, CM विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ; जरूरतमंदों को मिलेगा अस्थायी हेलमेट

जशपुर पुलिस की अनूठी पहल, हेलमेट न होने पर दोपहिया चालक ले सकेंगे हेलमेट; वापस जमा करने के साथ करना होगा छोटा सा सेवा कार्य

जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने हेलमेट बैंक की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर पुलिस लाइन में इस हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर दोपहिया वाहन चालक अस्थायी रूप से इस्तेमाल के लिए ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सफर करते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

एक छोटी सावधानी बचा सकती है अनमोल जिंदगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से कई लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग ऐसी दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को कम करने में मददगार होता है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी न केवल व्यक्ति का जीवन सुरक्षित रख सकती है, बल्कि उसके परिवार को भी अपूरणीय क्षति से बचा सकती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि हेलमेट बैंक जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कैसे काम करेगा जशपुर पुलिस का हेलमेट बैंक?

इस हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि किसी जरूरी काम से अचानक घर से निकलने वाले ऐसे नागरिक, जिनके पास हेलमेट नहीं है या तत्काल हेलमेट खरीदने की सुविधा नहीं है, वे पुलिस से अस्थायी रूप से हेलमेट प्राप्त कर सकेंगे।

अपना काम पूरा करने के बाद नागरिक स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस द्वारा दिए गए हेलमेट को बैंक में वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी अभियान

जशपुर पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान भी चला रही है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़े जाने की व्यवस्था की गई है।

पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है। जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से सफर करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट के उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है।

‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author