MP News: इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया शस्त्र-पूजन, पुलिस सेतु ऐप लॉन्च और 51 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

इंदौर/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के पावन अवसर पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मां कालका की आराधना की और परंपरागत तलवार, भाला सहित अत्याधुनिक एके-47 समेत विभिन्न अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शस्त्र-पूजन भारतीय संस्कृति, शौर्य, शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। शस्त्र धारण करने का उद्देश्य केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि नागरिकों की रक्षा और समाज में व्यवस्था बनाए रखना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस वाहनों और अश्वों का पूजन किया तथा शस्त्रागार का अवलोकन भी किया। महिला पुलिस दल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर धार्मिक आस्था, वीरता की परंपरा और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संगम देखने को मिला।

शस्त्र-पूजन धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विजयादशमी भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध के माध्यम से अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देती है। हमारी सनातन संस्कृति जीवन में शक्ति के साथ जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध को भी महत्व देती है।

उन्होंने कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास वीरों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहा है।

इंदौर में पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से नागरिक अपने स्थान के आधार पर संबंधित पुलिस थाने, ड्यूटी अधिकारियों और संपर्क सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को अधिक सरल, त्वरित और पारदर्शी बनाना है।

ऐप की उपयोगिता को देखते हुए इसे भविष्य में प्रदेश स्तर पर लागू करने पर भी विचार किया जाएगा। इससे नागरिकों को आवश्यक पुलिस सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए 51 वाहन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने होंडा इंडिया फाउंडेशन की आइडियल ट्रैफिक सेफ सिटी परियोजना के तहत इंदौर पुलिस को उपलब्ध कराए गए 51 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के माध्यम से उपलब्ध कराए गए संसाधन शासन पर अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बिना नागरिक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने में मददगार हैं।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार पोस्टर का विमोचन भी किया गया। नशामुक्ति के क्षेत्र में इंदौर पुलिस द्वारा किए गए प्रयासों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस विभाग में मानव संसाधन और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। आगामी दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, फॉरेंसिक सुविधाओं और नई जांच पद्धतियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

युवाओं के लिए विशेष परीक्षा, 750 पुलिस बैंड पदों की पहल

मुख्यमंत्री ने आगामी वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात कही। उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से युवाओं के लिए विशेष परीक्षाएं आयोजित करने का भी उल्लेख किया।

इसके अलावा, प्रदेश के प्रत्येक जिले में पुलिस बल का अपना बैंड विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इसके लिए 750 पदों पर भर्ती किए जाने की बात कही गई है। इससे राष्ट्रीय पर्वों पर परेड की गरिमा बढ़ाने और पुलिस की सांस्कृतिक परंपरा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पुलिसकर्मियों के समर्पण और महिला शक्ति की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर चौबीसों घंटे नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उनका समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सम्मान के पात्र हैं। सरकार पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर में महिला पुलिसकर्मियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां भी हर जिम्मेदारी को पूरी दक्षता और सामर्थ्य के साथ निभा सकती हैं। ऐसे प्रयास समान अवसरों की भावना को मजबूत करते हैं।

इंदौर पुलिस के नवाचारों की सराहना

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में 1,721 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि पूरे प्रदेश में पुलिस विभाग में 27,500 से अधिक पदोन्नतियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के माध्यम से नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग एवं सुरक्षा सुविधाएं देने के प्रयास जारी हैं।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सशस्त्र पुलिस बल के बैंड ने धार्मिक गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां भी दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए।

About The Author