प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में प्राध्यापकों और सहायक प्राध्यापकों के 481 पद रिक्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्राध्यापकों और सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों का मामला आज विधानसभा में गूंजा। विधायक इंद्र कुमार साहू के सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में इन श्रेणियों के कुल 481 पद खाली हैं।
विधायक ने प्रदेश में संचालित चिकित्सा महाविद्यालयों में स्वीकृत और रिक्त पदों की विषयवार एवं कॉलेजवार जानकारी मांगी थी। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2015 से 2025 के बीच लोक सेवा आयोग के माध्यम से की गई भर्तियों और अपनी परिवीक्षा अवधि पूर्ण करने वाले सहायक प्राध्यापकों का विवरण भी मांगा था।
स्वास्थ्य मंत्री ने सदन को जानकारी दी कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के कुल 673 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 361 पद रिक्त हैं। इसी तरह प्राध्यापक के 224 स्वीकृत पदों में से 120 पद खाली पड़े हैं। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उक्त अवधि के दौरान भर्ती किए गए सहायक प्राध्यापकों में से अब तक 155 चिकित्सकों ने अपनी परिवीक्षा अवधि पूरी कर ली है।
