राज्योत्सव 2025 में 34 अलंकरणों की घोषणा, अनुराग बसु, अवधेश कुमार और ज्ञानेश्वरी यादव सहित 41 हस्तियों को मिलेगा सम्मान
रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2025 के अंतिम दिन राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन होगा। इस वर्ष 34 श्रेणियों में कुल 41 व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सम्मान प्राप्तकर्ताओं की सूची जारी की।
इस वर्ष शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान हिरेश सिन्हा को आदिवासी चेतना के लिए दिया जाएगा, जबकि यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को अहिंसा और गौ रक्षा के लिए प्रदान किया जाएगा। खेल के क्षेत्र में गुंडाधुर सम्मान ज्ञानेश्वरी यादव को और महिला एवं बाल विकास के लिए मिनीमाता सम्मान ललेश्वरी साहू को मिलेगा। गुरु घासीदास सम्मान भुवनदास जांगड़े और शशि गायकवाड़ को दिया जाएगा।
हबीब तनवीर सम्मान डॉ. कुंज बिहारी शर्मा को समकालीन रंगकर्म के लिए, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान चांदनी साहू को तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए और पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान डॉ. चित्तरंजन कर को हिंदी साहित्य के लिए दिया जाएगा। इसके अलावा चक्रधर सम्मान पंडित कीर्ति माधवलाल व्यास को शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए और दाऊ मंदराजी सम्मान रिखी क्षत्रिय को लोक नाट्य और लोक शिल्प के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
पत्रकारिता क्षेत्र में चंदूलाल चंद्रकार स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के तहत प्रिंट मीडिया (हिंदी) में डॉ. संदीप कुमार तिवारी, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिंदी) में डॉ. सोमेश कुमार पटेल और प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) में अभिषेक शुक्ला को सम्मानित किया जाएगा। मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार भावना पांडेय को मिलेगा।
सिनेमा के क्षेत्र में किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण फिल्म निर्देशक अनुराग बसु को प्रदान किया जाएगा, जबकि साहित्य में पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मक सम्मान वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार को मिलेगा। लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान राकेश तिवारी को और लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार डॉ. विनोद कुमार वर्मा को दिया जाएगा।
दानवीर भामाशाह सम्मान नीरज कुमार बाजपेयी को, धन्वंतरि सम्मान अजय कृष्ण कुलश्रेष्ठ को और श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार सुखदेव दास को मिलेगा। इसके अलावा देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार रोहित कुमार कोसरिया को प्रदान किया जाएगा।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल सम्मान नहीं, बल्कि उन व्यक्तियों के समर्पण, परिश्रम और सामाजिक योगदान की सार्वजनिक स्वीकृति है, जिन्होंने अपने कार्यों से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
