रायपुर और दुर्ग के बीच सुगम होगा सफर: सिरसा और खुर्सीपार गेट पर ग्रेड सेपरेटर के लिए 77 करोड़ मंजूर

रायपुर। राजधानी रायपुर और भिलाई-दुर्ग के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर यातायात को निर्बाध और तेज बनाने के लिए सिरसा गेट चौक तथा खुर्सीपार गेट चौक पर ग्रेड सेपरेटर का निर्माण किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए 77 करोड़ 36 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान की है।

भारत सरकार ने राज्य शासन के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना के तहत इस राशि को स्वीकृत किया है। इन दोनों महत्वपूर्ण चौकों पर ग्रेड सेपरेटर बनने से रायपुर और दुर्ग के बीच आवाजाही करने वाले वाहनों को कहीं भी रुकना नहीं पड़ेगा। वर्तमान में कुम्हारी चौक, डबरा पारा, पॉवर हाउस चौक और सुपेला चौक पर पहले ही फ्लाईओवर्स का निर्माण किया जा चुका है। सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर फ्लाईओवर्स की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे थे।

जनआकांक्षाओं और यातायात के दबाव को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह मंजूरी मिली है। रायपुर-भिलाई-दुर्ग का यह मार्ग औद्योगिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अब सभी प्रमुख चौकों पर फ्लाईओवर्स और ग्रेड सेपरेटर्स की सुविधा होने से यात्रियों के समय की बचत होगी और क्षेत्र के उद्योगों को भी माल ढुलाई में काफी आसानी होगी।

About The Author