बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार को बड़ा बढ़ावा, 290.80 एकड़ भूमि आवंटन और 50.60 करोड़ की स्वीकृति
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू के प्रयासों से परियोजना के लिए 290.80 एकड़ भूमि का आवंटन और 50.60 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे एयरपोर्ट को 4-सी श्रेणी में उन्नत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
परियोजना के तहत रनवे विस्तार, नए टर्मिनल भवन के निर्माण और आधुनिक यात्री सुविधाओं के विकास को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। 4-सी श्रेणी में उन्नयन के बाद यहां से बड़े वाणिज्यिक विमानों का संचालन संभव हो सकेगा, जिससे बिलासपुर की देश के प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
इसके साथ ही एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा को भी स्वीकृति दी गई है। फरवरी से मार्च के बीच रात के समय विमानों का संचालन शुरू होने की संभावना है, जिससे उड़ानों की संख्या में वृद्धि होगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
इस उपलब्धि पर सांसद तोखन साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया, जिनके सहयोग से सेना के अधीन भूमि को राज्य शासन को हस्तांतरित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहना करते हुए उन्होंने राज्य सरकार द्वारा समय पर राशि जारी करने और प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए धन्यवाद दिया। इसके अलावा केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बिलासपुर की मांग को प्राथमिकता देते हुए 4-सी श्रेणी की मंजूरी प्रदान की।
सांसद तोखन साहू ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार से बिलासपुर संभाग में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना बिलासपुर के लिए विकास का नया अध्याय साबित होगी।
