बेगुनाहों की जान लेने वाले चाइनीज मांझे पर योगी का प्रहार, नेटवर्क ध्वस्त करने की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार हो रही दुर्घटनाओं और मौतों को गंभीरता से लेते हुए यह फैसला किया है। अब प्रदेश में चाइनीज मांझे के उत्पादन, बिक्री, परिवहन और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चाइनीज मांझे की उपलब्धता और बिक्री रोकने के लिए प्रदेश भर में सघन छापेमारी अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाइनीज मांझे के कारण यदि किसी की जान जाती है तो इसे हत्या की श्रेणी में माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ उसी आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएम योगी ने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज मांझा कैसे पहुंच रहा है और इसकी बिक्री कौन कर रहा है। उन्होंने तुरंत और प्रभावी रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने सभी पुलिस प्रमुखों को अपने-अपने जिलों में सघन छापेमारी चलाने के आदेश दिए। चाइनीज मांझे से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने तथा दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रदेश भर में चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए लगातार अभियान चलाने को कहा गया है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं गंभीर रूप ले रही हैं। बुधवार को लखनऊ में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गला कटने से दर्दनाक मौत हो गई थी। वह काफी देर तक तड़पता रहा। बीते एक साल में इस तरह की आठ घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

About The Author