महाराष्ट्र के 12 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के लिए मतदान शुरू, 9 फरवरी को आएंगे नतीजे
मुंबई। महाराष्ट्र के 12 जिलों में शनिवार को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह 7:30 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5:30 बजे तक जारी रहेगी। इस चुनाव के परिणाम 9 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
इन चुनावों में कुल 7,438 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य का फैसला दो करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। सुबह बारामती में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उल्लेखनीय है कि ये चुनाव पहले 5 फरवरी को होने थे, लेकिन जनवरी के अंत में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद घोषित राजकीय शोक के कारण मतदान की तिथि आगे बढ़ा दी गई थी।
आज रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर जिलों में वोट डाले जा रहे हैं।
चुनाव का गणित और आरक्षण
इस चुनावी प्रक्रिया के तहत 731 जिला परिषद सीटों और 1,462 पंचायत समिति सीटों पर मतदान हो रहा है। जिला परिषद की 731 सीटों के लिए 2,624 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 369 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं, पंचायत समिति की 1,462 सीटों के लिए 4,814 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें 731 सीटें महिलाओं के लिए सुरक्षित रखी गई हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी निर्धारित आरक्षण लागू किया गया है।
सुरक्षा और व्यवस्था
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान के लिए कुल 25,471 केंद्र बनाए गए हैं। सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए करीब 1.28 लाख चुनाव कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। मतदाताओं की संख्या में 1 करोड़ 6 लाख से अधिक पुरुष और 1 करोड़ 1 लाख से अधिक महिलाएं शामिल हैं।
इससे पूर्व 15 जनवरी को हुए नगर निगम चुनावों में भाजपा और महायुति गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की थी। भाजपा ने 29 नगर निगमों की कुल सीटों में से 1425 पर कब्जा जमाया था, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 399 और अजित पवार की एनसीपी को 167 सीटें मिली थीं। अब सबकी नजरें जिला परिषद के इन नतीजों पर टिकी हैं।
