बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान
पटना। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान बिहार विधानसभा परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर कराया जाएगा, जहां विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 9 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी और परिणाम भी 16 मार्च को ही घोषित कर दिए जाएंगे।
इस बार बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नवीन और शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया है। जनता दल यूनाइटेड की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर चुनाव मैदान में हैं। वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एनडीए समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने एडी सिंह को महागठबंधन का उम्मीदवार बनाया है।
मतदान से पहले रविवार को एनडीए विधायकों की बैठक आयोजित की गई। जदयू कोटे से मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर हुई इस बैठक में गठबंधन के प्रमुख नेता और विधायक शामिल हुए। बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान की रणनीति पर चर्चा की गई।
जानकारी के अनुसार एनडीए की ओर से विधायकों को पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग समूहों में मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के मतों की आवश्यकता होती है।
बिहार विधानसभा की वर्तमान स्थिति को देखते हुए चुनाव काफी दिलचस्प माना जा रहा है। एनडीए के पास बहुमत के आधार पर मजबूत स्थिति है और वह पांचों सीटों पर जीत का दावा कर रहा है। वहीं महागठबंधन भी अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्थन जुटाने में लगा हुआ है।
