मुख्यमंत्री से मिले IAS प्रशिक्षु अधिकारी, जनसेवा और ईमानदारी का मिला मंत्र
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के तीन प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें जनसेवा, संवेदनशील प्रशासन और ईमानदार कार्यशैली का संदेश देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
“प्रशासनिक सेवा जनसेवा का सबसे प्रभावी माध्यम”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी के रूप में लिए गए निर्णय हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए हर निर्णय में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने तथा आम लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने की सीख दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग समाज और आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जाए।
छत्तीसगढ़ की संभावनाओं से कराया परिचय
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को छत्तीसगढ़ की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग सरल, मेहनती और आत्मीय स्वभाव के हैं। तेजी से विकसित हो रही कनेक्टिविटी, पर्यटन की संभावनाएं, नक्सल उन्मूलन में मिली सफलता और विकास की नई यात्रा छत्तीसगढ़ को नई पहचान दे रही है।
उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विकास के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी।
बस्तर से सरगुजा तक का अनुभव साझा किया अधिकारियों ने
प्रशिक्षु अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिलों सहित सरगुजा, जशपुर और कोरिया जिलों का भ्रमण करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने स्थानीय संस्कृति, जनजीवन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का अध्ययन किया तथा मां दंतेश्वरी के दर्शन भी किए।
अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, जनजातीय परंपराएं और यहां के लोगों का अपनापन उन्हें गहराई से प्रभावित कर गया है।
निरंतर सीखते रहने की दी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों को निरंतर सीखते रहने, जमीनी स्तर से जुड़े रहने और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, निष्ठा और जनहित की भावना से लिया गया प्रत्येक निर्णय समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
छत्तीसगढ़ कैडर के तीन युवा IAS अधिकारी
उल्लेखनीय है कि IAS प्रशिक्षु अधिकारी गोकुल आर. के., वी. यशवंत नायक और ईशांत जायसवाल वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। तीनों अधिकारियों को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ है। जिला प्रशिक्षण पर रवाना होने से पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के महानिदेशक एवं अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, संचालक टी.सी. महावर तथा संयुक्त संचालक प्रणव सिंह भी उपस्थित रहे।
