व्हाट्सऐप मैसेज विवाद में हिंसा, रायपुर की सोसायटी में खुलेआम गुंडागर्दी, महिलाओं से भी बदसलूकी

रायपुर। राजधानी रायपुर से मारपीट और खुलेआम गुंडागर्दी का गंभीर मामला सामने आया है। मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित एक रिहायशी सोसायटी में व्हाट्सऐप ग्रुप में किए गए मैसेज को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि राहुल जैन ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर सोसायटी के रहवासियों पर हमला किया।

घटना के दौरान पुरुषों के साथ मारपीट की गई, वहीं महिलाओं के साथ भी हाथापाई और बदसलूकी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। हमलावरों ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को भी निशाना बनाया। गार्ड रूम में तोड़फोड़ की गई और वहां रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट, धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप में किसी मुद्दे को लेकर मैसेज किए गए थे, जिस पर राहुल जैन और उसके साथियों ने आपत्ति जताई। पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि राहुल जैन अपने साथ कई युवकों को लेकर सोसायटी पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए रहवासियों से मारपीट शुरू कर दी। जब कुछ महिलाओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

घटना के बाद सोसायटी के रहवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि राजधानी जैसे शहर में इस तरह की गुंडागर्दी कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। रहवासियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुजगहन थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और क्या पहले से कोई रंजिश थी।

फिलहाल पुलिस ने सोसायटी क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे। प्रशासन ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। यह घटना राजधानी रायपुर में रिहायशी इलाकों की सुरक्षा और बढ़ती असहिष्णुता को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है।

About The Author