बांग्लादेश में हिंसा जारी, नरसिंदी में हिंदू दुकानदार की धारदार हथियार से हत्या
ढाका। बांग्लादेश के नरसिंदी जिले में सोमवार रात एक हिंदू दुकानदार की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय शरत चक्रवर्ती मणि के रूप में हुई है। बीते 18 दिनों में यह छठी घटना है, जिसमें किसी हिंदू व्यक्ति की जान गई है।
जानकारी के अनुसार शरत चक्रवर्ती मणि पलाश उपजिला के चारसिंदूर बाजार में किराना दुकान का संचालन करते थे। सोमवार रात अज्ञात हमलावर अचानक दुकान पर पहुंचे और उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल मणि को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि शरत चक्रवर्ती मणि ने 19 दिसंबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से देश में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई थी और अपने क्षेत्र को असुरक्षित बताते हुए गंभीर स्थिति का उल्लेख किया था।
एक दिन पहले भी हुई थी हत्या
इससे पहले 5 जनवरी को जेसोर जिले के मोनिरामपुर क्षेत्र में एक अन्य हिंदू व्यक्ति राणा प्रताप बैरागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे कपलिया बाजार में आइस फैक्ट्री का संचालन करते थे और ‘दैनिक बीडी खबर’ के कार्यकारी संपादक भी थे।
रिपोर्ट के अनुसार बाइक सवार तीन हमलावर उन्हें फैक्ट्री से बाहर बुलाकर एक गली में ले गए और नजदीक से सिर में गोली मारकर फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने सात खाली कारतूस बरामद किए हैं। दोनों ही मामलों में हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है और जांच जारी है।
