मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर दीक्षांत समारोह में शामिल होने रवाना, बीजापुर नक्सली मुठभेड़ में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेने रायपुर से रवाना हो गए। रवानगी से पूर्व रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य के लिए यह सौभाग्य की बात है कि दीक्षांत समारोह में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में तथा राज्यपाल भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने बीजापुर जिले में हुई नक्सली मुठभेड़ पर कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और सुरक्षा बल पूरी दृढ़ता से मुकाबला कर रहे हैं। कल हुई मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के तीन जवान शहीद हो गए। हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, उनके साहस को नमन करते हैं और उनके परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में बड़ी सफलता मिली है और बड़ी संख्या में नक्सली neutralise किए गए हैं।
इसी बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने बताया कि बीजापुर अभियान में 16 नक्सली मारे गए। बहादुर जवानों ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन को अंजाम दिया। तीन जवानों का बलिदान हुआ है, यह नक्सलियों की कायरतापूर्ण करतूत है। शहीदों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
