इतिहास में दर्ज हुआ आज का दिन: विधानसभा पहुंचे समर्पित नक्सलियों का डिप्टी सीएम ने किया स्वागत
रायपुर। शासन की पुनर्वास नीति के तहत 120 समर्पित नक्सली शुक्रवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचे और सदन की कार्यवाही देखी। इस दौरान आसंदी की ओर से उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने पर शुभकामनाएं दी गईं।
विधानसभा पहुंचे समर्पित नक्सलियों में 66 पुरुष और 54 महिलाएं शामिल थीं। इनमें नक्सल संगठन की पूर्व सेंट्रल कमेटी के सदस्य रूपेश, बसवा, चैतू, ललिता और राजू भी शामिल रहे। नक्सल संगठन में सामान्य सदस्य रहे समर्पित नक्सलियों ने दर्शक दीर्घा में बैठकर कार्यवाही देखी, जबकि सेंट्रल कमेटी में नेतृत्व स्तर पर रहे सदस्यों ने अध्यक्षीय दीर्घा से सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। लोकतंत्र में मुख्यधारा में लौटने वाले नक्सलियों का स्वागत और अभिनंदन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास की दिशा में यह पहल सकारात्मक संदेश देने वाली है।
