सूरजपुर में राइस मिल की दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत, संचालक पर मामला दर्ज

सूरजपुर। औद्योगिक क्षेत्र नैनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट के राइस मिल में हुए दर्दनाक हादसे के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने मिल संचालक संदीप अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

यह हादसा 13 दिसंबर को उस समय हुआ था जब मिल में चावल भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान परिसर में बनी एक जर्जर और कमजोर पार्टीशन दीवार अचानक ढह गई। मलबे में दबने से मजदूर वेद सिंह, भोजसाय और विपुल राजवाड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने मौके का मुआयना कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मिल प्रबंधन ने मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए थे। साथ ही, जर्जर दीवार के पास मजदूरों से काम कराना सुरक्षा नियमों की बड़ी अनदेखी मानी गई है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर अन्य संबंधित व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

About The Author