तमनार हिंसा की होगी जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़/रायपुर। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प की जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि तमनार क्षेत्र में जिंदल कंपनी की कोयला खदान के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे। शनिवार को आंदोलन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एक बस सहित दो वाहनों में आग लगा दी। इस हिंसक झड़प में महिला टीआई कमला पुसाम समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, जिंदल कंपनी के गारे पेलमा कोल ब्लॉक की हाल ही में हुई जनसुनवाई को ग्रामीणों ने फर्जी बताते हुए तमनार क्षेत्र के 14 गांवों के लोग लिबरा स्थित सीएचपी चौक पर कंपनी गेट के सामने शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के कारण कंपनी में भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया था।

शनिवार को पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर धरना समाप्त करने को कहा। इसी दौरान विरोध कर रहे कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और झड़प की घटना सामने आई।

About The Author