राजिम कुंभ कल्प मेले का आज से आगाज, क्षेत्र में 15 दिनों तक शराब और मांस की बिक्री पर रहेगी रोक
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल राजिम में आज से कुंभ मेले की भव्य शुरुआत हो गई है। 15 दिनों तक चलने वाले इस आस्था के समागम में देश के कोने-कोने से साधु-संत और श्रद्धालु जुटेंगे। मेले की पवित्रता और व्यवस्था को देखते हुए राज्य सरकार ने राजिम कुंभ कल्प क्षेत्र और आसपास के जिलों की शराब दुकानों को आगामी 15 दिनों तक बंद रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही मेला परिसर के समीप मांस-मटन की बिक्री पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इसी बीच प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को राजिम कुंभ कल्प 2026 में सम्मिलित होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। मंत्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को इस भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियों से अवगत कराया और इसकी महत्ता पर विस्तार से चर्चा की।
राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर का प्रतीक माना जाता है। इस विशाल स्नान पर्व में प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। मंत्री अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2026 का यह आयोजन राज्य की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक होगा। आयोजन के दौरान महानदी के तट पर पारंपरिक स्नान, विशेष धार्मिक अनुष्ठान और छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित लोक उत्सवों का आयोजन किया जाएगा।
