भानुप्रतापपुर में घर वापसी का सिलसिला जारी, दो गांवों के पांच परिवारों ने अपनाया हिंदू धर्म

कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में धर्मांतरण विवाद के बाद घर वापसी का सिलसिला लगातार जारी है। आमाबेड़ा क्षेत्र के दो गांवों के धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों ने मूल धर्म में वापसी की है। भरीटोला और पुफगांव के पांच परिवारों ने ईसाई धर्म छोड़कर शीतला मंदिर पहुंचकर हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-पाठ कर घर वापसी की।

घर वापसी के दौरान हिंदू समाज के लोगों ने सभी परिवारों का स्वागत किया। बताया गया कि आमाबेड़ा क्षेत्र के चिखली गांव के कुछ लोगों ने पूर्व में हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाया था। लंबे समय तक ईसाई धर्म में रहने के बाद अब इन पांच परिवारों ने एक बार फिर हिंदू धर्म में लौटने का निर्णय लिया।

समाज के प्रमुखों की मौजूदगी में सभी परिवार शीतला मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत हिंदू परंपराओं के अनुसार पूजा-पाठ कर घर वापसी की गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी भानुप्रतापपुर क्षेत्र में दो दिन पूर्व धर्म परिवर्तन कर चुके 19 लोगों ने हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना कर हिंदू धर्म में वापसी की थी, जिनका समाज द्वारा स्वागत किया गया था।

About The Author