शासकीय मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान में एक घंटा पूर्व छुट्टी देने की खबरें निराधार
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने रमजान के दौरान शासकीय मुस्लिम कर्मचारियों को कार्यालय से एक घंटा पूर्व छुट्टी दिए जाने संबंधी खबरों का खंडन किया है। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग ने स्पष्ट किया है कि विभाग द्वारा इस संबंध में कोई भी आदेश या निर्देश जारी नहीं किया गया है।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग के संयुक्त सचिव द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में मीडिया और सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से इस प्रकार की भ्रामक खबरें प्रसारित हो रही हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासन स्तर पर ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है, अतः प्रसारित हो रहे समाचार पूरी तरह आधारहीन हैं। विभाग ने नागरिकों से ऐसी भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करने की अपील की है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज ने एक बयान जारी कर इस कथित आदेश की पुष्टि की थी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार का सराहनीय कदम बताते हुए इसकी सराहना की थी। डॉ. सलीम राज ने इसे सामाजिक सद्भाव और धार्मिक संवेदनशीलता का परिचायक बताया था। हालांकि, अब विभाग द्वारा जारी स्पष्टीकरण के बाद यह साफ हो गया है कि कर्मचारियों के कार्यालय समय में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
