कवर्धा के नवागांव में कबीर चबूतरा विवाद गहराया, संत प्रकाशमुनि ने धरना का ऐलान किया
कवर्धा। कबीरधाम जिले के नवागांव गांव में जमीन विवाद के कारण कबीर चबूतरा निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया है। कबीर पंथ अनुयायियों ने चबूतरे में तोड़फोड़ और गुरु प्रकाशमुनि एवं उदित मुनि के पोस्टर फाड़े जाने का आरोप लगाया है। इस मामले में संत प्रकाशमुनि नाम साहेब सैकड़ों समर्थकों के साथ कवर्धा पहुंचे हैं तथा पोस्टर फाड़ने वालों की गिरफ्तारी और एसपी की हटाने की मांग को लेकर धरना देने का ऐलान किया है।
पुलिस ने पुनित झारिया की शिकायत पर मामला दर्ज किया। जांच में सोहन नाथ शिवोपासक और मनहरण नाथ योगी की संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना स्थल से फाड़े गए बैनर-पोस्टर, सफेद झंडा, नीलगिरी की बल्ली एवं बांस का कमचील जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। पुलिस ने शहर में जुलूस निकालकर गिरफ्तारी की जानकारी दी तथा लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। धार्मिक उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
विरोधी पक्ष का आरोप है कि स्कूल के लिए सुरक्षित भूमि पर अवैध रूप से कबीर कुटी का निर्माण किया जा रहा है। सोहन नाथ शिवोपासक ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण हाल ही में कवर्धा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम किया गया। उन्होंने निर्माण रोकने और भूमि को विद्यालय के लिए सुरक्षित करने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही।
