महासमुंद के ऐतिहासिक स्थल सिरपुर में 1 से 3 फरवरी तक आयोजित होगा भव्य सिरपुर महोत्सव

रायपुर। महासमुंद जिले के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के स्थल सिरपुर में आगामी 1 से 3 फरवरी तक सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में शामिल होने के लिए महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि सिरपुर महोत्सव छत्तीसगढ़ की प्राचीन सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष गरिमामय रूप में आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सिरपुर की विरासत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, साडा के सीईओ धम्मशील गणवीर और धर्मेंद्र महोबिया भी उपस्थित थे।

About The Author