इंद्रावती नदी पर बैराज निर्माण की स्वीकृति: जगदलपुर महापौर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

रायपुर। जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज विधानसभा स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रावती नदी पर नए बैराज निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

महापौर ने मुख्यमंत्री को बताया कि महादेव घाट पर प्रस्तावित इस बैराज के निर्माण से जगदलपुर शहर में पेयजल की आपूर्ति सुचारू रूप से हो सकेगी और लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा। उल्लेखनीय है कि राज्य के बजट में इस बैराज निर्माण के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए कहा कि बस्तर के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है, जिसके कारण शांति का माहौल बना है और विकास कार्यों में तेजी आई है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बस्तर में सिंचाई रकबा बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में मटनार और देऊरगांव सिंचाई परियोजनाओं को भी सहमति प्रदान की गई है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सिंचाई के दौरान पानी की बर्बादी रोकने के लिए सरकार पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचाने की नई तकनीक पर भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि बस्तर की बेहतरी के लिए आने वाले समय में भी हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

About The Author