अधजली लाश कांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में दो आरोपियों ने रची थी हत्या की साजिश

रायपुर। छपौरा गांव के खेत में मिली अधजली लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में प्रेम प्रसंग को कारण बताते हुए पुलिस ने दो आरोपियों अर्जुन धुर्व और अजित उर्फ हरजित लहरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक ललित धीवर का अर्जुन धुर्व की बहन के साथ प्रेम संबंध था, जिससे आरोपी रंजिश में थे।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने साजिश के तहत ललित को जयंती कार्यक्रम में बुलाने का बहाना बनाया और उसे गांव के बाहर खेत में ले गए। वहां शराब पिलाने के दौरान उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को जलाने का प्रयास किया और अधजली अवस्था में खेत में फेंक दिया। यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया था।

गौरतलब है कि 23 दिसंबर को छपौरा गांव के बाहर खेत में एक युवक का जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। शव बुरी तरह झुलसा होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। सूचना मिलने पर विधानसभा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह था कि हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को खेत में लाकर जलाया गया है।

पुलिस ने अब मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पहचान ललित धीवर के रूप में की है, जिसकी उम्र करीब 30 से 32 वर्ष बताई गई है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

About The Author