जांजगीर में शिक्षक गिरफ्तार, छात्रा से दुर्व्यवहार का आरोप
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां खिसोरा प्राथमिक शाला के एक शिक्षक को छात्रा के साथ दुर्व्यवहार और अश्लील हरकतों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक की पहचान राकेश कुर्रे के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच एसडीएम द्वारा कराई गई। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
बलौदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
