सूरजकुंड मेला: लोगों की जान बचाने की कोशिश में इंस्पेक्टर ने दिया बलिदान, झूला गिरने से 8 घायल
फरीदाबाद। विश्वप्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में शनिवार को दो बड़े हादसों ने हड़कंप मचा दिया। मेला परिसर के एम्यूजमेंट पार्क में एक झूला टूटने से वहां तैनात पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इंस्पेक्टर जगदीश उस समय हादसे का शिकार हुए जब वे झूला गिरता देख वहां मौजूद लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम भीड़ के दौरान अचानक झूले का एक सिरा टूट गया। ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने जैसे ही लोगों को वहां से हटाने का प्रयास किया, झूला दूसरी तरफ झुक गया और वे उसकी चपेट में आ गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घायलों में राजेश नामक एक अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल है, जिनका इलाज बीके अस्पताल में चल रहा है।
इससे पहले दोपहर के समय मेले का प्रवेश द्वार संख्या दो गिर जाने से एक बच्चा और एक व्यक्ति घायल हो गए थे। इन घटनाओं के बाद मेले में अफरातफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य चौपाल पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया। बड़ी संख्या में लोग मेला बीच में ही छोड़कर अपने घरों की ओर रवाना हो गए।
फरीदाबाद के डीसी आयुष सिन्हा ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहीद हुए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में फरीदाबाद पुलिस लाइन में तैनात थे।
