गोठीवली में छात्रा से मारपीट: पहाड़ा याद न होने पर मिली क्रूर सजा, बाल संरक्षण विभाग ने लिया संज्ञान
नवी मुंबई। गोठीवली गांव में एक ट्यूशन शिक्षक पर आठवीं कक्षा की छात्रा को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी शिक्षक रूपाली थवी बताया गया है। छात्रा पिछले पांच वर्षों से उसी ट्यूशन में पढ़ने जाती थी। आरोप है कि शिक्षक ने बच्चों को पहाड़े याद करने को कहा था। छात्रा पहाड़ा नहीं सुना पाई तो उसे सजा के तौर पर लकड़ी की स्टिक से हाथ पर करीब 20 बार मारा गया।
मारपीट के कारण छात्रा के हाथ में सूजन और लाल निशान पड़ गए तथा उसे तेज दर्द होने लगा। परिजनों ने एक्सरे कराया, जिसमें फ्रैक्चर नहीं पाया गया।
पीड़ित छात्रा की मां पूनम वडके ने रबाले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शिक्षक ने बच्ची को कठोर सजा दी और पूछताछ करने पर पढ़ाई न करने की बात कहकर दूसरी ट्यूशन में भेजने की सलाह दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ठाणे जिला बाल संरक्षण विभाग ने भी हस्तक्षेप किया है। पुलिस छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने और अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक के खिलाफ बाल संरक्षण कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
