गौरेला पेंड्रा मरवाही में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सख्ती, लापरवाही बरतने पर 9 स्कूलों के शिक्षकों को नोटिस
गौरेला पेंड्रा मरवाही। आगामी हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के मद्देनजर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है। जिले के 9 स्कूलों के शिक्षकों और प्राचार्यों को छात्रों के मूल्यांकन टेस्ट और शैक्षणिक दायित्वों में लापरवाही बरतने के कारण नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने पेंड्रा और मरवाही विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुड़कई, निमधा, अनडी, मडवाही सहित अन्य स्कूलों में शिक्षकों के अध्यापन स्तर और छात्रों के मूल्यांकन टेस्ट की गुणवत्ता जांची गई। निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर संबंधित स्टाफ के खिलाफ कारण बताओ नोटिस की कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहा था, जिस पर कलेक्टर ने पूर्व में नाराजगी जताई थी। उन्होंने इस वर्ष बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों का लगातार निरीक्षण कर अध्ययन के स्तर की समीक्षा की जा रही है ताकि समय रहते शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।
