दुर्ग में चाकूबाजी की घटनाएं बेकाबू, लूट का विरोध करने पर युवक पर जानलेवा हमला

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है और चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां एक 18 वर्षीय युवक पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रितिक चौधरी देर शाम बाजार से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और पैसे लूटने का प्रयास किया। युवक ने जब बहादुरी दिखाते हुए लूट का विरोध किया, तो आक्रोशित बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के बाद रितिक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने गंभीर रूप से घायल रितिक को सुपेला अस्पताल पहुंचाया। लगातार बढ़ती इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छावनी बाजार क्षेत्र के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author