तिल्दा में रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में अज्ञात बाइक सवार की मौत, चालक ट्रक छोड़कर फरार
रायपुर। तिल्दा-खरोरा मुख्य मार्ग पर अग्रवाल होंडा के सामने सड़क दुर्घटना में एक दोपहिया वाहन चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हटाकर जाम लगी सड़क को खाली कराया।
पुलिस के अनुसार दोपहिया वाहन क्रमांक सीजी 04 एलडी 1796 का चालक तिल्दा से खरोरा की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक आरजे 48 जीबी 1666 से टकरा गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहिया वाहन पहले एक हाईवा से टकराया और फिर ट्रक के पीछे जा घुसा, जिससे दुर्घटना हुई।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। मामले की जांच जारी है।
