तांत्रिक क्रिया के दौरान तीन लोगों की हत्या मामले में छह आरोपी गिरफ्तार, सभी जेल भेजे गए
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तांत्रिक क्रिया के दौरान स्क्रैप कारोबारी समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने गुरुवार को मामले के मुख्य तांत्रिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि बाद में तीन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया। सभी आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 11 दिसंबर की सुबह स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े अशरफ मेमन समेत तीन लोगों के शव उनके फार्महाउस में मिले थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों 10 दिसंबर की रात बरबसपुर स्थित स्क्रैप यार्ड में तांत्रिक क्रिया में शामिल थे। इसी दौरान बैगा ने एक-एक कर तीनों को कमरे में बुलाया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों में अशरफ मेमन, कोरबा का एक स्थानीय युवक और बिलासपुर निवासी एक युवक शामिल हैं। आरोप है कि बिलासपुर निवासी बैगा राजेन्द्र कुमार ने तांत्रिक क्रिया के माध्यम से 5 लाख रुपये के बदले 2.5 करोड़ रुपये बनाने का दावा किया था। इसी अंधविश्वास में आकर तीनों ने पूजा कराई थी।
जांच में सामने आया कि पूजा के दौरान बैगा राजेन्द्र कुमार ने एक-एक कर तीनों को कमरे में बुलाया, उन्हें नींबू देकर कमरे में बंद करता गया। प्रत्येक व्यक्ति को 15 से 30 मिनट तक कमरे में बंद रखा गया। बाद में जब दरवाजा खोला गया, तो तीनों मृत पाए गए। पुलिस को आशंका है कि जहर देकर उनकी हत्या की गई है। मामले की जांच जारी है।
