छिपकली वाला खाना खाने से एक ही परिवार के छह लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में छिपकली गिरा खाना खाने से एक ही परिवार के छह लोग बीमार हो गए। सभी को हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामला रामपुर बाघेलान क्षेत्र के खारी गांव का है।

जानकारी के अनुसार, घर में सामान्य रूप से रोटी और सब्जी बनाई गई थी। खाना खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के सदस्यों को असहजता महसूस होने लगी। देखते ही देखते सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।

बताया जा रहा है कि खाने में छिपकली गिर गई थी, जिससे भोजन दूषित हो गया। इसके कारण परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक खराब हो गई।

बीमार होने वालों में संध्या रजक, सुमित्रा रजक, अमित रजक और अंकिता रजक सहित दो अन्य शामिल हैं। सभी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

फिलहाल सभी की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

About The Author