चांदी ने बनाया ऑल टाइम हाई, सोना भी तेज, निवेशकों में बढ़ी सुरक्षित निवेश की मांग

हेडिंग


नई दिल्ली। चांदी आज 6 जनवरी को अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार एक किलो चांदी की कीमत 7,725 रुपए की बढ़त के साथ 2,44,788 रुपए हो गई है। इससे पहले चांदी का भाव 2,37,063 रुपए प्रति किलो था।

वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 741 रुपए बढ़कर 1,36,909 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले सोना 1,36,168 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। उल्लेखनीय है कि सोना 29 दिसंबर 2025 को 1,38,161 रुपए प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच चुका है।

2025 में सोना 75 प्रतिशत और चांदी 167 प्रतिशत महंगी
पिछले वर्ष 2025 में सोने की कीमत में 57,033 रुपए यानी लगभग 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो 31 दिसंबर 2025 को बढ़कर 1,33,195 रुपए हो गया।
इसी अवधि में चांदी के भाव में 1,44,403 रुपए यानी करीब 167 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो 31 दिसंबर 2025 को 2,30,420 रुपए प्रति किलो हो गई।

सोने में तेजी के प्रमुख कारण
विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती से डॉलर कमजोर हुआ है, जिससे सोने की होल्डिंग लागत कम हुई और निवेश बढ़ा। इसके अलावा रूस-यूक्रेन युद्ध सहित वैश्विक तनाव के कारण निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मानकर खरीदारी कर रहे हैं। वहीं चीन जैसे देशों द्वारा अपने केंद्रीय बैंक के लिए बड़े पैमाने पर सोना खरीदे जाने से भी कीमतों को समर्थन मिल रहा है।

चांदी में तेजी के कारण
चांदी की मांग सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ी है, जिससे यह औद्योगिक कच्चा माल बन चुकी है। अमेरिकी नीतियों और संभावित टैरिफ को लेकर आशंका के चलते कंपनियां चांदी का स्टॉक जमा कर रही हैं। साथ ही उत्पादन बाधित होने की आशंका के कारण मैन्युफैक्चरर्स अग्रिम खरीद कर रहे हैं, जिससे कीमतों में उछाल आया है।

आगे और बढ़ सकते हैं दाम
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार चांदी की मांग में तेजी बनी हुई है और आने वाले समय में इसका भाव 2.75 लाख रुपए प्रति किलो तक जा सकता है। वहीं सोने की मजबूत मांग को देखते हुए इसके इस वर्ष के अंत तक 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार करने की संभावना जताई जा रही है।

About The Author