पिथौरा वन परिक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में कई जंगली सुअर मृत मिले, जहर खुरानी की आशंका
महासमुंद। पिथौरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बगारपाली प्लांटेशन में बड़ी संख्या में जंगली सुअर मृत अवस्था में पाए गए हैं। ग्राम बगारपाली स्थित कक्ष क्रमांक 212 और उसके आसपास के वन क्षेत्र में हुई इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मौके पर मिले साक्ष्यों से यह भी संकेत मिले हैं कि मृत वन्य प्राणियों को जमीन में दफनाने का प्रयास किया गया था।
प्रारंभिक जांच में मामला जहर खुरानी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में जंगली सुअरों के शिकार के लिए अक्सर करंट वाले तार या पानी में जहर मिलाने जैसे तरीके अपनाए जाते हैं। हालांकि, एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सुअरों की मौत होना किसी बड़ी साजिश या जहर खुरानी की ओर इशारा कर रहा है। यह क्षेत्र वन मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
उल्लेखनीय है कि पिथौरा वन परिक्षेत्र में इन दिनों सागौन की अवैध कटाई की भी जांच चल रही है, इसी बीच वन्य प्राणियों की मौत का मामला सामने आने से विभाग की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मृत प्राणियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। विभाग ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
