स्टेट हाईवे पर केक काटकर रास्ता रोकने वाले सात युवक गिरफ्तार, दो वाहन भी जब्त
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद भी सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए सड़क पर जन्मदिन मनाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सूरजपुर जिले के लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर बीच सड़क केक काटकर जश्न मनाने और यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 फरवरी की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच सोनवाही स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने हुई। यहां अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल और उनके साथियों ने बीच सड़क पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर दीं और कार के बोनट पर केक रखकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई, जिससे हाईवे के दोनों ओर लगभग आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इस जाम में एक एंबुलेंस सहित कई अन्य वाहन फंसे रहे, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क पर सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल, प्रथम अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, महेश साहू, निखिल रामा और लटोरी निवासी अरुण देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अंबिकापुर और लटोरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन सभी के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने और शांति भंग करने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित कर इस तरह का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
