नववर्ष पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, 150 सीसीटीवी से शहर की 24 घंटे निगरानी
जगदलपुर। नए वर्ष के स्वागत को लेकर शहर और ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल है। विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन बीते वर्षों के अनुभवों को देखते हुए आयोजनों के दौरान विवाद, अव्यवस्था और हादसों की आशंका भी बनी रहती है। विशेषकर शराब के नशे में वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कई बार लोगों को जान गंवानी पड़ी है।
इन संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए बस्तर पुलिस इस बार पहले से ही पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर में करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
बस्तर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि नववर्ष को लेकर पुलिस ने एक विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया है, जिस पर सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से अमल करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर नववर्ष के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहां आयोजनकर्ताओं के साथ बैठक कर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सीमित और निर्धारित मानकों के अनुसार उपयोग करने तथा ऐसे गानों या अत्यधिक भीड़ से बचने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
